झारखंड : झील से मोबाइल निकालने के प्रयास में दो जूनियर डॉक्टर की डूबकर मौत

Ads

झारखंड : झील से मोबाइल निकालने के प्रयास में दो जूनियर डॉक्टर की डूबकर मौत

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 02:20 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 02:20 PM IST

जमशेदपुर, 24 जुलाई (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार तड़के एक झील से मोबाइल फोन निकालने के प्रयास के दौरान दो जूनियर डॉक्टर की डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर तड़के करीब तीन बजे टहलने के लिए जमशेदपुर स्थित डिमना झील गए थे। इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल फोन गलती से पानी में गिर गया।

एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि मोबाइल निकालने के लिए एक डॉक्टर जलाशय में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण वह डूबने लगा।

उन्होंने कहा, ‘‘उसे बचाने के लिए अन्य दो डॉक्टर भी पानी में कूद गए। इनमें से एक ही तैरकर सुरक्षित बाहर निकल सका और बाकी दोनों डूब गए।’’

पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा कर्मियों और गोताखोरों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा, ‘‘चार घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद दोनों शव बरामद कर लिए गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।’’

पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों के अभी तक नहीं पहुंचने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

भाषा मनीषा सिम्मी

सिम्मी