कोडरमा, छह जून (भाषा) झारखंड के कोडरमा जिले में विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर 35-वर्षीय एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई और इस मामले में मृतक के चार रिश्तेदारों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार रात को कोडरमा पुलिस थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में घटी, जब जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान राजकुमार यादव पर उसके रिश्तेदारों ने फावड़े और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को 12 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवशीष ने बताया, ‘‘हमने बृहस्पतिवार को एक बुजुर्ग दंपति, उनके बेटे और पोते समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी हत्या के मुख्य आरोपी हैं।’’
उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान यादव के माता-पिता और उनकी बेटी भी घायल हो गए।
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित व्यक्ति के परिवार और उसके चाचा के परिवार के बीच पिछले आठ वर्षों से जमीन को लेकर विवाद जारी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया फावड़ा और धारदार हथियार, खून से सने कपड़े और दो मोबाइल फोन आरोपियों के कब्जे से बरामद किये।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश