जम्मू-कश्मीर सरकार ने 255 करोड़ रुपये की लागत वाले दो यूनिटी मॉल को मंजूरी दी: मुख्यमंत्री अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर सरकार ने 255 करोड़ रुपये की लागत वाले दो यूनिटी मॉल को मंजूरी दी: मुख्यमंत्री अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर सरकार ने 255 करोड़ रुपये की लागत वाले दो यूनिटी मॉल को मंजूरी दी: मुख्यमंत्री अब्दुल्ला
Modified Date: July 22, 2026 / 06:08 pm IST
Published Date: July 22, 2026 6:08 pm IST

श्रीनगर, 22 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराने के लिए 255 करोड़ रुपये की लागत वाले दो ‘यूनिटी मॉल’ बनाने को मंजूरी दी है।

अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सरकार ने श्रीनगर और जम्मू में एक-एक, यानी कुल दो यूनिटी मॉल बनाने की मंजूरी दी है, जिनकी कुल लागत 255 करोड़ रुपये होगी।’’

केंद्रीय बजट 2023-24 में ‘पीएम एकता मॉल’ या ‘यूनिटी मॉल’ बनाने की घोषणा की गई थी। इसका उद्देश्य देशभर के ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी), भौगोलिक संकेतक (जीआई) वाले उत्पादों और अन्य हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देना तथा उनकी बिक्री करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये मॉल केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए जीवंत व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘ये महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्थानीय कारीगरों, हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों, जीआई टैग वाले सामानों तथा क्षेत्रीय उद्यमियों को एक समर्पित मंच उपलब्ध कराएंगी। साथ ही, ये ऐसी व्यावसायिक जगहें तैयार करेंगी, जो पूरे जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देंगी।’’

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में