श्रीनगर, 28 मार्च (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को यहां प्रदर्शन किया और जम्मू-कश्मीर सरकार पर जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने और अपने वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
यहां प्रेस एन्क्लेव में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पार्टी नेता इकबाल ट्रंबू ने पत्रकारों से कहा कि बढ़ते वित्तीय दबावों के कारण 31 मार्च कश्मीर के लोगों के लिए ‘काला दिन’ बन गया है।
उन्होंने कहा, ‘लोगों पर भारी कर का बोझ है। बिजली के भारी-भरकम बिल आ रहे हैं, पानी के शुल्क की मांग की जा रही है और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है।’
उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों के मुद्दों को उठाना चाहती है और उनकी आवाज बनना चाहती है।
भाषा तान्या देवेंद्र
देवेंद्र