जम्मू की शहरी चुनौतियों के समाधान के लिए जेएमसी ने आईआईटी-आईआईएम ‘इनक्यूबेटर्स’ संग हैकाथॉन शुरू किया

Ads

जम्मू की शहरी चुनौतियों के समाधान के लिए जेएमसी ने आईआईटी-आईआईएम 'इनक्यूबेटर्स' संग हैकाथॉन शुरू किया

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 07:50 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 07:50 PM IST

जम्मू, 18 सितंबर (भाषा) जम्मू की शहरी समस्याओं को नवाचार के अवसरों में बदलने की पहल के तहत जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने आईआईटी और आईआईएम के ‘इनक्यूबेशन’ केंद्रों तथा स्थानीय संगठन ‘जेके इकनॉमिक ग्रोथ एंड डेवलपमेंट डायलॉग’ (लीड) के साथ मिलकर ‘जम्मू स्मार्ट सिटी हैकाथॉन’ शुरू किया है।

‘इनक्यूबेटर्स’ ऐसी संस्थाएं या केंद्र होते हैं, जो नए स्टार्टअप और उद्यमियों को उनके शुरुआती दौर में विकसित होने में मदद करते हैं।

जेएमसी आयुक्त देवांश यादव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शहर की नागरिक समस्याओं के समाधान में नए विचारों और प्रौद्योगिकी को शामिल करना है। इसके तहत स्टार्टअप, युवा नवोन्मेषक, उद्यमी और शोधकर्ताओं को शहर के सामने मौजूद चुनौतियों पर सीधे काम करने का अवसर दिया जाएगा।

यादव ने यहां ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘हमारा उद्देश्य छह प्रमुख शहरी चुनौतियों का समाधान करना है। इनमें जल निकासी, स्वच्छता, नागरिकों के लिए स्मार्ट लाइटिंग, बेहतर सड़कें, सुविधाएं और रोजमर्रा की अन्य शहरी चुनौतियां शामिल हैं। इनक्यूबेटर के साथ पंजीकृत युवाओं को इन समस्याओं के लिए नवोन्मेषी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।’

यादव जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने समाधान विकसित करने और यह प्रदर्शित करने के लिए वित्तीय सहायता एवं अन्य सहयोग भी दिया जाएगा कि उनके समाधान इन चुनौतियों का किस प्रकार निराकरण कर सकते हैं।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप