त्रिशूर (केरल), 23 अप्रैल (भाषा) कल्याण ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक व व्यवसायी टी. एस. कल्याणरमन ने यहां मुंडाथिकोड पटाखा बनाने वाली इकाई में दो दिन पहले हुए विस्फोट में मारे गए सभी लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये प्रदान करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।
कल्याणरमन ने पत्रकारों से कहा कि न केवल त्रिशूर के लोग, बल्कि पूरे राज्य और देश के लोग इस घटना से दुखी हैं तथा इस दुख में पीड़ितों के परिजन के साथ हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं, मेरा परिवार, कल्याण ज्वेलर्स और इसके सभी कर्मचारी इस घटना से बेहद दुखी हैं तथा पीड़ितों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये दे रहे हैं।’’
कल्याणरमन ने कहा, “तिरुवमबडी देवस्वओम के सचिव गिरीश द्वारा वितरण प्रक्रिया का समन्वय किया जाएगा। राशि का वितरण यथाशीघ्र किया जाएगा।”
पटाखा बनाने वाली इकाई में त्रिशूर पूरम से पहले तिरुवमबडी देवस्वओम के लिए आतिशबाजी तैयार करते समय मंगलवार अपराह्न तीन बजकर करीब 30 बजे विस्फोट हो गया था।
त्रिशूर पूरम पर्व 26 अप्रैल को मनाया जाएगा।
धान के खेतों के बीच एक सुनसान इलाके में स्थित कई अस्थायी शेड में पटाखे बनाए जा रहे थे, जहां विस्फोट के समय लगभग 40 लोगों के मौजूद होने का संदेह है।
केरल सरकार ने त्रासदी की गंभीरता को देखते हुए इस विस्फोट को बुधवार को ‘‘राज्य-विशिष्ट आपदा’’ घोषित किया और घटना में मारे गए लोगों के आश्रितों के लिए 14-14 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।
‘‘राज्य-विशिष्ट आपदा’’ त्रसादी का ऐसा वर्गीकरण है, जिसके तहत प्रशासन तत्काल राहत और सहायता प्रदान करता है।
भाषा यासिर नरेश
नरेश