नीट मुद्दे, छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कमल हासन ने केंद्र की आलोचना की

Ads

नीट मुद्दे, छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कमल हासन ने केंद्र की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 03:16 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 03:16 PM IST

चेन्नई, 23 जुलाई (भाषा) मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) के संस्थापक एवं मशहूर अभिनेता कमल हासन ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) मुद्दे और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की।

हासन ने कहा कि ‘‘देश नाकाम हो गया है’’, क्योंकि जब बच्चे सवाल पूछते हैं, तो उन्हें जवाब के बजाय ‘‘बैरिकेड और लाठियां’’ मिलती हैं।

चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए होने वाली परीक्षा का सीधे तौर पर नाम लिए बिना एमएनएम के नेता एवं राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि यह एक खराब प्रणाली है, जहां ‘‘जिज्ञासा की जगह बेचैनी’’ और ‘‘मेधा की जगह अपराध’’ ले लेते हैं।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में हासन ने कहा, ‘‘जब एक बच्चा रोया था, तभी हमें उसकी बात सुननी चाहिए थी। इसके बजाय, हमने तब तक इंतज़ार किया जब तक कि हमारे बहुत सारे बच्चों की मौत नहीं हो गई। ऐसा तंत्र, जिसमें सीखने की जगह कोचिंग, जिज्ञासा की जगह बेचैनी और मेधा की जगह अपराध ले लेते हैं, वह खराब है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देश तब नाकाम हो जाता है जब बच्चों को जवाब के बजाय बैरिकेड्स और लाठियां मिलती हैं।’’ उन्होंने वांगचुक को ‘हैशटैग’ करते हुए लिखा, ‘‘वांगचुक, आगे के सफर के लिए देश को आपकी अंतरात्मा की आवाज की जरूरत होगी। कृपया अपना अनशन खत्म कीजिए।’’

उन्होंने भारत के बच्चों से भी कहा, ‘‘आप हममें से सबसे बेहतर हैं। आपने अपना फ़र्ज़ निभाया है। अब देश की बारी है कि वह आपके प्रति अपना फ़र्ज़ निभाए। आपके सपने हमेशा हमारी नाकामियों से बड़े हों!’’

भाषा सुरेश नेत्रपाल नरेश

नरेश