कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की दिल्ली यात्रा से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हुईं

Ads

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की दिल्ली यात्रा से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हुईं

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 01:00 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 01:00 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

बेंगलुरु, 15 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की बुधवार की नयी दिल्ली यात्रा से यह अटकलें तेज़ हो गई हैं कि वह कांग्रेस आलाकमान के साथ अपने मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार पर चर्चा कर सकते हैं।

उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब मंत्रिमंडल में शामिल होने के इच्छुक नेता जोर-शोर से ‘लॉबिंग’ कर रहे हैं।

मीडिया के साथ साझा किए गए आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, शिवकुमार बुधवार शाम राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।

शिवकुमार के दिल्ली में रात भर रुकने की संभावना है, जबकि उनकी वापसी यात्रा फिलहाल अनिर्धारित है।

हालांकि उनकी यात्रा योजना में कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक का कोई उल्लेख नहीं है, लेकिन पार्टी सूत्रों का मानना ​​है कि वह नेतृत्व से बातचीत करेंगे।

शिवकुमार ने सोमवार को कहा था कि जब कांग्रेस आलाकमान उन्हें मिलने का समय देगा, तब वह दिल्ली जाएंगे। इससे इस बात संकेत भी मिला कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उनकी तरफ से कोई देरी नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा था,‘‘जब भी वे (पार्टी आलाकमान) मुझे समय देंगे, मैं जाऊंगा। वे मुझे अगले तीन या चार दिनों में कोई तारीख देंगे। जैसे ही वे तारीख देंगे, मैं जाकर वापस आ जाऊंगा।’’

शिवकुमार ने तीन जून को 13 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी । इससे पहले 28 मई को सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया था।

कर्नाटक मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 पद हैं, जिनमें से 20 पद अब भी खाली हैं। शिवकुमार पर मंत्रिमंडल का विस्तार करने का दबाव बढ़ रहा है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंत्री बनने के कई दावेदार हैं और पद सीमित हैं, इसलिए शिवकुमार के लिए यह स्थिति काफी मुश्किल भरी है; क्योंकि जो लोग मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनमें बड़े पैमाने पर नाराजगी फैलने का खतरा है।

शिवकुमार को जाति और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और संतुलन बनाए रखने की भी ज़रूरत होगी।

राज्य में सूखे के हालात के बीच मंत्रिमंडल विस्तार में ‘देरी’ को लेकर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार सरकार पर निशाना साध रही है और उसने सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर अंदरूनी समस्याओं का आरोप लगाया है।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा