एनसीडब्ल्यू ने कर्नाटक बस यौन उत्पीड़न मामले की जांच जल्द पूरी करने की मांग की

Ads

एनसीडब्ल्यू ने कर्नाटक बस यौन उत्पीड़न मामले की जांच जल्द पूरी करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 01:15 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने बुधवार को कहा कि उसने कर्नाटक में मंगलुरु-विट्ठल मार्ग पर चलने वाली एक निजी बस में कॉलेज छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना का स्वत: संज्ञान लिया है।

आयोग ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि उसकी अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रीय महिला आयोग ने कर्नाटक के मंगलुरु-विट्ठल मार्ग पर चलने वाली एक निजी बस में छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना का स्वत: संज्ञान लिया है।’

आयोग ने कहा, ‘यह घटना महिलाओं की यात्रा सुरक्षा, सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा उपायों की पर्याप्तता और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए अधिक प्रभावी तंत्र की आवश्यकता जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करती है।’

रहाटकर ने कर्नाटक के डीजीपी से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मामले में लागू सभी कानूनी प्रावधानों के तहत विस्तृत आरोपपत्र शीघ्र दाखिल किया जाए और सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी डिजिटल एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य एकत्र किए जाएं।

उन्होंने सार्वजनिक और निजी बसों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने तथा बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, कर्मचारियों का सत्यापन सुनिश्चित करने और महिला आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने के नियमों का सख्ती से पालन कराने की भी मांग की।

आयोग की अध्यक्ष ने प्रभावित छात्राओं के लिए उनकी निजता की रक्षा करते हुए मनोवैज्ञानिक परामर्श और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

आयोग ने राज्य पुलिस से सात दिनों के भीतर इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।

एनसीडब्ल्यू ने कहा कि वह समय पर न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस मामले की लगातार निगरानी करेगा।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना नौ जुलाई को कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में मंगलुरु-विट्ठल मार्ग पर चलने वाली एक निजी बस में हुई थी।

आरोप है कि बस के परिचालक ने छात्राओं के सामने अश्लील हरकतें कीं, स्वयं को अशोभनीय तरीके से उजागर किया और उनका यौन उत्पीड़न किया।

भाषा

राखी नरेश

नरेश