बेंगलुरु, छह सितंबर (भाषा) कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन (एफडीए) ने अनेकल और देवनहल्ली में बिना लाइसेंस वाले ई-कॉमर्स गोदामों पर छापा मारकर चार लाख रुपये से ज्यादा की दवाएं जब्त की हैं। प्रशासन ने रविवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि मादक पदार्थ प्रवर्तन शाखा ने दो जगहों पर दवाओं के गैर-कानूनी भंडारण और वितरण के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद एक साथ छापा मारा।
एफडीए ने एक बयान में कहा कि उसने बिना लाइसेंस वाले ई-कॉमर्स भंडारों पर सफल छापेमारी की और बिना मंजूरी वाली दवाओं का बड़ा स्टॉक ज़ब्त किया।
एफडीए ने इस कार्रवाई को दवाओं के गैर-कानूनी भंडारण और वितरण के खिलाफ एक त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई बताया।
बयान के अनुसार अनेकल में, एफडीए की राज्य आसूचना शाखा के सहायक औषध नियंत्रक मनोहर की अगुवाई वाली एक टीम ने क्षेत्रीय मादक पदार्थ निरीक्षकों के साथ मिलकर अनेकल तालुक के थट्टानाहल्ली में ‘मैसर्स अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ के परिसर में छापा मारा। वहां से बिना वैध औषध लाइसेंस के दवाएं जुटाकर रखने के कारण 2,45,352 रुपये की दवाइयां जब्त की गईं।
बयान के अनुसार एक अन्य घटना में बेंगलुरु ग्रामीण की मादक पदार्थ निरीक्षक विभा की अगुवाई वाली एक टीम ने देवनहल्ली के एरोस्पेस में ‘मैसर्स अमेजन’ के गोदाम पर छापा मारा और 1,57,000 रुपये की दवाएं जब्त कीं।
दोनों छापों में जब्त की गई दवाओं की कुल कीमत 4,02,352 रुपये थी।
अमेजन की ओर से कोई तुरंत प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत