(फाइल फोटो के साथ)
बेंगलुरु, छह अप्रैल (भाषा) भाजपा ने सोमवार को दावा किया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की अपनी खुफिया रिपोर्ट बतलाती है कि सत्तारूढ़ पार्टी दो विधानसभा क्षेत्रों का उपचुनाव हारने वाली है।
इन उपचुनावों में भारी जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि लोग कांग्रेस को ‘सबक सिखायेंगे’ क्योंकि वह ‘विकास विरोधी’ है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा, ‘‘दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अच्छा चुनाव प्रचार हुआ है। कांग्रेस के भीतर भ्रम की स्थिति है। दावणगेरे दक्षिण क्षेत्र में मुसलमानों ने उन्हें वोट नहीं देने का फैसला किया है, जबकि बागलकोट में कांग्रेस उम्मीदवार के परिवार में कलह चल रही है।’’
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया केरल में चुनाव प्रचार के लिए गए थे, लेकिन खुफिया रिपोर्ट मिलने के बाद वह बागलकोट लौट आए क्योंकि इस रिपोर्ट में संकेत दिया गया था कि कांग्रेस उपचुनाव हार सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस से यह पूछना चाहता हूं कि विकास और गारंटी योजनाओं को लागू करने के बड़े-बड़े दावे करने के बावजूद वह उपचुनावों में संघर्ष क्यों कर रही है।’’
विपक्ष के नेता ने अब तक कांग्रेस शासन के दौरान ‘बिल्कुल कोई विकास नहीं होने’ का आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धरमैया ने कर्नाटक को ‘ऋणग्रस्त राज्य’ बना दिया है।
बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में नौ अप्रैल को उपचुनाव होंगे। ये उपचुनाव क्रमशः वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच वाई मेती और शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के कारण कराये जा रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि दो विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों ने ‘मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की नींद उड़ा दी है’ और कांग्रेस सरकार के लिए ‘एक मुश्किलभरी चुनौती’ बन गए हैं।
भाजपा नेता ने दृढ़ता के साथ कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं और कांग्रेस के ‘लालचों’ में नहीं फंसेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी को उपचुनाव जीतने का पूरा भरोसा है।
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन