कर्नाटक होटल एसोसिएशन ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों पर जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत करने की मांग की

Ads

कर्नाटक होटल एसोसिएशन ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों पर जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 12:35 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 12:35 PM IST

बेंगलुरु, दो मई (भाषा) कर्नाटक राज्य होटल एसोसिएशन ने शनिवार को सरकार से 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों पर जीएसटी को 18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने का आग्रह किया।

यह मांग शुक्रवार को 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर में 993 रुपये प्रति सिलेंडर की अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी के मद्देनजर सामने आई है, जो पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में वृद्धि के चलते लगातार तीसरी मासिक वृद्धि है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष जी.के. शेट्टी ने एक बयान में कहा कि सरकार द्वारा (तेल विपणन कंपनियों के माध्यम से) 60 दिन में घोषित 1,308 रुपये की वृद्धि हाल के समय में सबसे तेज वृद्धि है।

उन्होंने कहा कि मार्च में कीमतें लगभग 1,800 रुपये से 2,000 रुपये के बीच थीं, जो अब बढ़कर 3,100 रुपये से अधिक हो गई हैं, और आधार शहर और समय के आधार पर 60 दिनों के भीतर कुल वृद्धि 50 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक हो सकती है।

उन्होंने कहा, ‘यदि तत्काल सुधारात्मक उपाय नहीं किए गए, तो व्यवसायों के पास बढ़ी हुई लागत को उपभोक्ताओं पर डालने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा, जिससे बाहर का खाना अधिक महंगा हो जाएगा और समग्र मांग प्रभावित होगी।’

भाषा तान्या वैभव

वैभव