आगरा (उप्र), दो मई (भाषा) आगरा में 13 वर्षीय एक लड़के की कथित तौर पर अपने परिवार के खेत से तरबूज तोड़ने पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक लड़के ने जिस खेत से तरबूज तोड़े थे, उसे उसके परिवार ने साझेदारों को पट्टे पर दिया था।
आरोप है कि शुक्रवार को लड़के पर चाकुओं से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी बहन उसे देखने के लिए खेत में गई, तो वहां खून से लथपथ उसका शव पड़ा हुआ था।
बसई जगनेर थाना क्षेत्र के सोनी खेड़ा गांव में शुक्रवार शाम इस वारदात के बाद तनाव फैल गया, जिसके बाद कई थानों का पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) आगरा, आदित्य ने कहा कि हत्या के मामले में दो व्यक्तियों– रियाजुद्दीन और शिराजुद्दीन को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कहा कि रियाजुद्दीन और सिराजुद्दीन लड़के के परिवार के खेत पर खेती करते हैं और साझेदार हैं।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार