भाजपा विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के उपयोग पर कर्नाटक के मंत्री की आलोचना
भाजपा विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के उपयोग पर कर्नाटक के मंत्री की आलोचना
बेंगलुरु, नौ सितंबर (भाषा) कर्नाटक के बागवानी मंत्री एस. एस. मल्लिकार्जुन एक कथित वीडियो को लेकर आलोचनाओं से घिर गए हैं। इस वीडियो में वह दावणगेरे जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक बी. पी. हरीश के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं।
यह घटना हाल ही में हरिहर शहर में एक पशु चिकित्सा केंद्र के उद्घाटन के दौरान की बताई जा रही है। इस दौरान किसानों ने निर्वाचन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की मांग को लेकर मंत्री से मुलाकात की थी।
वीडियो में किसान मल्लिकार्जुन के पास जाकर उनसे कहते दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने यह मुद्दा स्थानीय विधायक हरीश के समक्ष उठाया था, लेकिन कथित तौर पर उनसे उनके “साहूकार”-मंत्री के पास जाने को कहा गया था। इस दौरान किसानों ने विधायक को ‘हरीश अन्ना’ (बड़े भाई) कहकर संबोधित किया।
मल्लिकार्जुन ने तुरंत सवाल किया कि हरीश को ‘‘अन्ना’’ क्यों कहा जा रहा है और भाजपा विधायक के खिलाफ कथित तौर पर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें आपत्तिजनक और असंसदीय माना गया।
इसके बाद कथित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने इसकी आलोचना की है। इस वीडियो से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मल्लिकार्जुन ने बुधवार को कहा कि उन्होंने केवल उन किसानों से कहा था, जो उनसे मिलने आए थे, कि हरीश को ‘अन्ना’ कहकर संबोधित करना उचित नहीं है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने क्या कहा है? मैंने कुछ भी नहीं कहा। जब किसान ने हरीश को ‘अन्ना’ कहा तो मैंने केवल किसान की उम्र पर सवाल उठाया। बस इतना ही। मैंने उनसे कहा कि आप उम्रदराज हैं, आप उन्हें (विधायक को) ‘अन्ना’ क्यों कहकर बुला रहे हैं? इसके बजाय जो इस संबोधन के योग्य हैं, उन्हें ‘अन्ना’ कहें, क्योंकि वह (विधायक) ‘अन्ना’ कहे जाने के योग्य व्यक्ति नहीं हैं।’’
मल्लिकार्जुन पर आरोप लगाते हुए हरीश ने कहा कि दावणगेरे जिले के प्रभारी मंत्री मल्लिकार्जुन ने सिंचाई के लिए भद्रा नदी का पानी उपलब्ध कराने की मांग करने वाले किसानों के साथ ‘अभद्र’ व्यवहार किया और उनके खिलाफ ‘अशोभनीय’ भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि लोग भविष्य में मंत्री को सबक सिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर भाजपा नेताओं से चर्चा करेंगे और आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला लेंगे। उन्होंने कहा, “कर्नाटक भाजपा एस. एस. मल्लिकार्जुन के खिलाफ मेरे साथ खड़ी है।”
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने मल्लिकार्जुन पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
भाषा संतोष प्रशांत
प्रशांत

Facebook


