कर्नाटक: शिवाजी जयंती समारोह के दौरान दो समुदायों के बीच मामूली झड़प हुई

Ads

कर्नाटक: शिवाजी जयंती समारोह के दौरान दो समुदायों के बीच मामूली झड़प हुई

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 03:21 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 03:21 PM IST

कलबुर्गी, 21 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के चित्तपुर तालुक में शिवाजी के जयंती समारोह के दौरान दो समुदायों के बीच मामूली झड़प हुई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्थिति को तुरंत नियंत्रण में कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार की देर रात रावुर गांव के गोकुल नगर इलाके में उस समय घटी जब शिवाजी जयंती के अवसर पर गणेश कट्टे पर शिवाजी महाराज का चित्र रखा जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, परेशानी तब शुरू हुई जब दूसरे समुदाय के सदस्यों ने समारोहों के दौरान बजाए जा रहे तेज संगीत पर आपत्ति जताई।

पुलिस के मुताबिक, जब कुछ युवक नाच रहे थे, तभी दूसरे समुदाय के सदस्यों ने चिल्लाकर उनसे आवाज कम करने को कहा। इससे कहा-सुनी हुई और बाद में दोनों समूहों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया, ‘दोनों समुदायों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला किया और पथराव किया। इस घटना में तीन से चार लोग मामूली रूप से घायल हुए।’

यह घटना वाडी पुलिस थानाक्षेत्र में हुई।

पुलिस ने बताया, “पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण किया। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। हम गांव में निगरानी रख रहे हैं।”

यह घटना शिवाजी जयंती के दौरान जिला मुख्यालय शहर बागलकोट में हुई सांप्रदायिक झड़पों के ठीक बाद सामने आई है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत