कर्नाटक: चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी; मतदान 18 जून को

Ads

कर्नाटक: चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी; मतदान 18 जून को

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 03:10 PM IST

बेंगलुरु, एक जून (भाषा) कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी गई, जिसके तहत मतदान 18 जून को होगा।

कर्नाटक विधानसभा के सदस्य ‘विधान सौध’ में इन चुनावों के लिए मतदान करेंगे।

राज्यसभा सदस्य के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे तथा जनता दल (सेक्युलर) के एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने वाला है, जिसके मद्देनजर इन चार सीट पर चुनाव कराए जा रहे हैं।

वहीं, विधान परिषद के चुनाव इसलिए कराए जा रहे हैं, क्योंकि विधायकों की ओर से चुने गए सात विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है। इनमें कांग्रेस के गोविंद राजू, नसीर अहमद, तिप्पन्नप्पा और बीके हरिप्रसाद तथा भाजपा के एन नागराजू (एमटीबी), प्रताप सिम्हा नायक के. एवं सुनील वल्ल्यापुर शामिल हैं।

राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी।

वहीं, उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। मतगणना 18 जून को ही मतदान की समाप्ति के बाद की जाएगी।

विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के मद्देनजर सत्ताधारी कांग्रेस के राज्यसभा की चार सीट में से तीन और विधान परिषद की सात सीट में से पांच पर जीत हासिल करने की उम्मीद है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि भाजपा और जद (एस) गठबंधन इन चुनावों के लिए मैदान में साझा उम्मीदवार उतारेगा या फिर अलग-अलग लड़ेगा।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश