कश्मीर: पहलगाम के एक होटल में आग लगी; दमकल वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत

Ads

कश्मीर: पहलगाम के एक होटल में आग लगी; दमकल वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 03:29 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 03:29 PM IST

श्रीनगर, 17 मार्च (भाषा) दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम स्थित एक होटल में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यद्यपि आग लगने की घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग बुझाने के बाद पीछे (रिवर्स) जा रहे एक दमकल वाहन की कथित चपेट में आ जाने से एक अन्य होटल के एक कर्मचारी की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि आग ने ‘असल रिज़ॉर्ट’ नामक होटल की तीन इमारतों और एक वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए कई दमकल वाहनों को सेवा में लगाया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर कई रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर विस्फोट हो जाने के कारण आग बुझाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि बाद में स्थिति पार काबू पाया गया, लेकिन इस घटना में होटल की तीन इमारतें और एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार