असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे के. सी. वेणुगोपाल

Ads

असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे के. सी. वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 09:12 PM IST

गुवाहाटी, 28 जून (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल असम विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन की एक जुलाई को समीक्षा करेंगे। पार्टी के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

कांग्रेस की असम इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वेणुगोपाल 30 जून से दो दिवसीय दौरे पर राज्य आएंगे और विधानसभा चुनाव में हार के बाद संगठन को मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘एक जुलाई को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में संगठनात्मक बैठक बुलाई गई है। वेणुगोपाल संगठन के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे और भविष्य की रणनीति का खाका भी पेश कर सकते हैं।’’

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ ने पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों, राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के सदस्यों, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के पदाधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुखों और जिला अध्यक्षों को बैठक की सूचना देते हुए इसमें शामिल होने को कहा है।

पार्टी के एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है, ताकि उनसे चुनाव संबंधी प्रतिक्रिया ली जा सके।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस और रायजोर दल ने क्रमशः 19 और दो सीटें जीती थीं।

चुनाव में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की जमीनी समीक्षा के लिए कई टीमें गठित की थीं। इन टीमों में विधायक, पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल थे।

इन टीमों को 29 मई से दो जून तक अपने-अपने क्षेत्रों की समीक्षा कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया था।

हालांकि, इन टीमों के कई सदस्यों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अब तक गौरव गोगोई ने न तो उन्हें बैठक के लिए बुलाया है और न ही रिपोर्टों पर चर्चा की है।

टीम के एक सदस्य ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद थी कि गोगोई हमें बुलाकर रिपोर्टों पर चर्चा करेंगे। हमने अपनी रिपोर्ट में पार्टी की कमियों के साथ-साथ उन कारणों का भी उल्लेख किया है, जिनकी वजह से भाजपा को बढ़त मिली।’’

चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए वेणुगोपाल के दौरे के मद्देनजर यह उम्मीद की जा रही है कि एक जुलाई को उनकी मौजूदगी में विधानसभा क्षेत्रवार रिपोर्टों पर भी चर्चा होगी।

पार्टी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘वे हमें भविष्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देंगे। विधानसभा चुनाव के बाद हमारे कार्यकर्ता काफी हतोत्साहित हैं और उनमें नए उत्साह का संचार करना जरूरी है।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने असम विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 102 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इनमें अकेले भाजपा ने 82 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार अपने दम पर बहुमत प्राप्त किया, जबकि एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटें मिली थीं।

ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) और तृणमूल कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था तथा विधानसभा में उनके क्रमशः दो और एक विधायक हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश