लंदन, 28 जून (भाषा) भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग में पिछली हार का बदला चुकता करते हुए इंग्लैंड को शूटआउट में 3 . 2 से हरा दिया जबकि निर्धारित समय तक स्कोर गोलरहित बराबरी पर था ।
लंदन में ही महिला टी20 विश्व कप में आस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद भारतीय टीम के बाहर होने और बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 के साथ पुरूष क्रिकेट टीम के श्रृंखला 2 . 0 से हारने के बाद हॉकी में मिली जीत ने भारतीय खेलप्रेमियों को खुश होने का मौका दिया ।
निर्धारित समय तक मुकाबला गोलरहित बराबरी पर रहने के बाद मैच पेनल्टी शूटआउट तक खिंचा ।
शूटआउट में भारत के लिये अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और हार्दिक सिंह ने गोल दागे जबकि इंग्लैंड के लिये जाचारी वालास और डेविड गुडफील्ड ही गोल कर सके ।
बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले विश्व कप से पहले भारत का प्रो लीग में यह आखिरी मैच था और जीत के साथ हरमनप्रीत सिंह की टीम का आत्मविश्वास काफी बढा होगा ।
इंग्लैंड ने शुरूआत में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार ने शानदार बचाव किया ।
पहले क्वार्टर में भारत के लिये गोल करने का सुनहरा मौका था लेकिन अभिषेक चूक गए । दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने दबदबा बनाये रखा लेकिन भारतीय डिफेंडरों खासकर जरमनप्रीत सिंह ने शानदार बचाव किये । हाफटाइम तक स्कोर 0 . 0 था ।
तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिस पर भारत ने वीडियो रेफरल लिया और यह फैसला बदलना पड़ा । आखिरी क्वार्टर में भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने लगातार अच्छे बचाव किये ।
डिफेंडर संजय को ‘प्लेयर आफ द मैच’ चुना गया ।
भाषा
मोना
मोना