नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को रोहिणी के जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया।
पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि अयोध्या के राम मंदिर में कथित तौर पर चढ़ावा चोरी होने के मामले में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लोगों से इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर भगवान हनुमान से प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने कहा, “हम भगवान हनुमान से प्रार्थना करेंगे कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी करने वालों को कड़ी सजा मिले और उनके आशीर्वाद से हम पूरे देश में हस्ताक्षर अभियान शुरू करेंगे।”
‘आप’ प्रमुख ने कहा कि इस अभियान के जरिये दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों का समर्थन जुटाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुंदरकांड पाठ के बाद हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा।
वहीं, भाजपा ने इस कार्यक्रम की आलोचना की।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि सुंदरकांड पाठ का यह कार्यक्रम अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक छवि सुधारने के लिए किया गया एक ‘राजनीतिक दिखावा’ है।
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल पंजाब और अन्य राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों के मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि 2024 में तत्कालीन दिल्ली सरकार द्वारा घोषित सुंदरकांड पाठ के कार्यक्रमों को क्यों बंद कर दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि 2024 में आप सरकार ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में हर सप्ताह सुंदरकांड पाठ कराने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में इस पहल को बंद कर दिया गया।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश