पंजाब, गुजरात में चुनाव के कारण केजरीवाल को ‘वाशिंग मशीन से निकाल’ कर पेश किया जा रहा : कांग्रेस

Ads

पंजाब, गुजरात में चुनाव के कारण केजरीवाल को ‘वाशिंग मशीन से निकाल’ कर पेश किया जा रहा : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 04:27 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 04:27 PM IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने आबकारी नीति मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कई अन्य को बरी किए जाने के बाद शुक्रवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात और पंजाब के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के प्रमुख को ‘नहला-धुलाकर और वाशिंग मशीन से निकालकर’ पेश कर रही है ताकि मुख्य विपक्षी दल को कमजोर किया जा सके।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा एक ‘इच्छाधारी नाग’ है जो सिर्फ कांग्रेस को हराने के लिए अपना रूप बदलती रहती है और इसके लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है।

खेड़ा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘गुजरात और पंजाब के चुनाव आ रहे हैं तो अरविंद केजरीवाल को नहला-धुलाकर और वाशिंग मशीन से निकालकर पेश किया जा रहा है क्योंकि भाजपा का असली मकसद कांग्रेस मुक्त भारत है।’’

उन्होंने दावा किया कि कैसे कांग्रेस को कमजोर किया जाए, यही भाजपा का खेल है और इसमें कई खिलाड़ी और अंपायर बिके हुए हैं।

खेड़ा ने कहा, ‘‘हकीकत है कि पंजाब और गुजरात में जनता कांग्रेस की ओर देख रही है।’’

खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं है। वह एक इच्छाधारी नाग है जिसके पास रूप बदलने की शक्ति है। उसका एक ही जुनूनी लक्ष्य है कि कांग्रेस को हराना और कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है। इस लक्ष्य के लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘12 वर्षों तक उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ ज़हर उगला। और अब…? नरेन्द्र मोदी स्वयं उसकी प्रशंसा कर रहे हैं वह भी सम्मान के कारण नहीं, बल्कि कांग्रेस पर वार करने के लिए।’’

खेड़ा ने दावा किया कि चुनाव आ रहे हैं, इसलिए पटकथा भी एकदम अनुमानित है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामलों में अचानक तेजी आ जाएगी। पी. चिदंबरम जी को फिर से सुर्खियों में घसीटा जा रहा है क्योंकि तमिलनाडु में चुनाव होने वाले हैं। वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी में उनके ‘‘सुविधाजनक सहयोगियों’’ और अन्य लोगों के खिलाफ चल रही कार्यवाही गुजरात और पंजाब चुनावों के मद्देनज़र चुपचाप ठंडी पड़ जाएगी।’’

दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने टिप्पणी की कि इस तरह के घटनाक्रम अक्सर राज्यों में चुनावों के साथ मेल खाते हैं।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि अदालत के फैसले के समय को लेकर सवाल खड़े होते हैं क्योंकि यह सब ऐसे वक्त हो रहा है जब गुजरात विधानसभा चुनाव नजदीक है।

दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दाखिल आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार करते हुए शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया।

विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने कहा कि आरोप पत्र में कई ऐसी कमियां हैं जिनका सबूतों से तालमेल नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने मामले में आम आदमी पार्टी के दोनों नेताओं के अलावा 21 अन्य आरोपियों को भी बरी कर दिया।

भाषा हक हक अविनाश

अविनाश

अविनाश