गोवा क्रांति दिवस पर केजरीवाल ने परियोजना विरोधी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की
गोवा क्रांति दिवस पर केजरीवाल ने परियोजना विरोधी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की
पणजी, 18 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को गोवा क्रांति दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता की आवाज़ को दबाने के लिए पुर्तगालियों जैसी तानाशाही पद्धतियों का उपयोग कर रही है।
केजरीवाल ने अपनी पार्टी की गोवा प्रभारी आतिशी मार्लेना, प्रदेश अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक और अन्य के साथ पणजी के आज़ाद मैदान में स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
साल 1946 में मडगांव में हुई जनसभा की याद में हर साल 18 जून को गोवा क्रांति दिवस मनाया जाता है। जनसभा के दौरान स्वतंत्रता सेनानी राम मनोहर लोहिया ने मुक्ति का आह्वान किया था।
केजरीवाल ने कहा कि इस दिन गोवावासियों ने “सालाजार की तानाशाही” (पुर्तगाली औपनिवेशिक शासन) के मनमाने आदेशों का विरोध करते हुए मडगांव में लोहिया मैदान तक मार्च किया, जिससे गोवा में सविनय अवज्ञा आंदोलन की शुरुआत हुई, जो अंततः राज्य की आज़ादी का कारण बना।
पणजी में गोवा क्रांति दिवस समारोह स्थल के निकट आवास परियोजना का विरोध कर रहे करापुर-सारवन के ग्रामीणों की हिरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने इस कार्रवाई को निंदनीय बताया।
उन्होंने कहा, “इसी दिन एक बड़ी परियोजना को रद्द करने की मांग को लेकर आज़ाद मैदान तक शांतिपूर्वक मार्च कर रहे करापुर के प्रदर्शनकारियों को भाजपा सरकार ने बिना किसी कारण हिरासत में ले लिया।”
आप नेता ने कहा कि यह कार्रवाई दिखाती है कि भाजपा सरकार जनता की आवाज़ को दबाकर पुर्तगालियों जैसी तानाशाही पद्धतियों का उपयोग कर रही है।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


