केजरीवाल गोवा में मंदिर पहुंचे, राजनीति पर बात करने से किया इनकार
केजरीवाल गोवा में मंदिर पहुंचे, राजनीति पर बात करने से किया इनकार
पणजी, 14 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को उत्तरी गोवा के एक मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने राजनीति से संबंधित सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।
केजरीवाल बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर तटीय राज्य गोवा पहुंचे और सियोलिम गांव स्थित श्री स्वामी समर्थ परिवार मंदिर गए। उनके साथ दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी मार्लेना, पार्टी के गोवा इकाई के अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक और अन्य लोग भी थे।
केजरीवाल ने मीडिया द्वारा 2027 के गोवा विधानसभा चुनावों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘माफ़ कीजिए। मैं मंदिर में राजनीति के बारे में बात नहीं करना चाहता।”
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने गोवावासियों की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे यहां आकर अच्छा लगा। मैंने गोवावासियों के कल्याण और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।”
आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि उसके संयोजक की यह यात्रा गोवा पर पार्टी के बढ़ते ध्यान और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य में जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
राज्य में अगले साल चुनाव होने हैं।
भाषा यासिर माधव
माधव

Facebook


