केरल विधानसभा चुनाव : भाजपा उम्मीदवार की ‘‘हिंदू विधायक’’ टिप्पणी के खिलाफ शिकायत

Ads

केरल विधानसभा चुनाव : भाजपा उम्मीदवार की ‘‘हिंदू विधायक’’ टिप्पणी के खिलाफ शिकायत

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 11:27 AM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 11:27 AM IST

त्रिशूर (केरल), 22 मार्च (भाषा) कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन ‘केरल स्टूडेंट्स यूनियन’ (केएसयू) ने गुरुवायूर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार की कथित सांप्रदायिक टिप्पणी के खिलाफ केरल उच्च न्यायालय का रुख किया है।

केएसयू ने गुरुवायूर से राजग उम्मीदवार बी गोपालकृष्णन के कथित भाषण को लेकर पुलिस और अधिकारियों से भी शिकायत की है।

केएसयू की शिकायत एक चुनाव प्रचार वीडियो से संबंधित है जिसमें गोपालकृष्णन कथित तौर पर यह कह रहे हैं कि इस निर्वाचन क्षेत्र ने करीब पांच दशक से किसी हिंदू विधायक को नहीं चुना है और वाम मोर्चे एवं कांग्रेस नीत मोर्चे- दोनों ने ही इस समुदाय से उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।

गोपालकृष्णन ने कथित वीडियो में कहा कि गुरुवायूर एक अंतरराष्ट्रीय तीर्थ केंद्र है और ‘‘गुरुवायूरप्पन भगवान की भूमि’’ पिछले पांच दशक से ‘‘मंदिर चोरों’’ के हाथ में है।

उन्होंने वीडियो में कथित तौर पर कहा, ‘‘अब तक गुरुवायूर में कोई हिंदू विधायक क्यों नहीं है?’’

केएसयू के त्रिशूर जिला इकाई अध्यक्ष गोकुल गुरुवायूर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि केरल उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर करके उम्मीदवार को अयोग्य ठहराने समेत कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी, जिला पुलिस प्रमुख, राज्य निर्वाचन प्राधिकारियों और गुरुवायूर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को शिकायतें सौंपी गई हैं। इनमें आरोप लगाया गया है कि ये टिप्पणियां मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने के उद्देश्य से की गई थीं।

इन आरोपों पर भाजपा नेता ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भाषा

सिम्मी अमित

अमित