Tikamgarh News | Photo Credit: IBC24
टीकमगढ़: Tikamgarh News मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ के खरगापुर थाना क्षेत्र के गुना गांव में करंट लगने से एक किसान दंपति की मौत हो गई। 65 वर्षीय वंशी उर्फ टुंडा आदिवासी और उनकी पत्नी 63 वर्षीय गणेशी आदिवासी अपने खेत पर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। जब दंपति पड़ोसी किसान बिरजू अहिरवार के खेत की बाड़ में लगे करंट के तार की चपेट में आ गए। बिरजू अहिरवार ने अपनी फसल को जानवरों से बचाने के लिए यह तार लगाया था। बारिश के कारण खेत के आसपास पानी भरा हुआ था।
खरगापुर थाना प्रभारी अंबर सिंह सिकरवार ने बताया कि दंपति के साथ एक बकरी भी थी, जो करंट लगने से मौके पर ही मर गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खरगापुर अस्पताल भेजा गया। बीट प्रभारी आरक्षक भागीरथ लोधी ने जानकारी दी कि आरोपी बिरजू अहिरवार के खिलाफ धारा 105, 325 बीएनएस सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।