केरल: घर में दो बुजुर्गों के बुरी तरह झुलसे शव मिले, आत्महत्या की आशंका
केरल: घर में दो बुजुर्गों के बुरी तरह झुलसे शव मिले, आत्महत्या की आशंका
तिरुवनंतपुरम, 30 जून (भाषा) तिरुवनंतपुरम के कल्लम्बलम में मंगलवार को एक घर के भीतर दो बुजुर्गों के बुरी तरह झुलसे शव मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कांजिरमविला निवासी सुकुमारन (87 वर्ष) और ओमाना (81 वर्ष) के रूप में हुई है।
सुकुमारन, ओमाना के दिवंगत पति के भाई थे। सुकुमारन और ओमाना लंबे समय से उस घर में साथ रह रहे थे।
पुलिस ने कहा कि ओमाना पिछले कुछ समय से शय्याग्रस्त थी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर में तब सामने आई जब पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलते देखा और तुरंत दमकल विभाग तथा पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मियों ने बाद में आग पर काबू पाया और दोनों शवों को बाहर निकाला।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि दोनों की मौत कथित तौर पर केरोसिन तेल छिड़ककर खुद को आग लगाने से हुई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
अधिकारी ने बताया कि गवाहों ने घटना से पहले सुकुमारन को पास की एक राशन की दुकान से केरोसिन तेल खरीदते हुए देखा था। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


