केरल : सीबीआई ने पशु चिकित्सा छात्र के मौत की जांच अपने हाथ में ली
केरल : सीबीआई ने पशु चिकित्सा छात्र के मौत की जांच अपने हाथ में ली
नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 20 वर्षीय पशु चिकित्सा छात्र सिद्धार्थन जे एस की मौत की जांच अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सिद्धार्थन का शव 18 फरवरी को वायनाड जिले में स्थित कॉलेज छात्रावास के शौचालय में फंदे से लटका मिला था।
सिद्धार्थन के परिवार ने आरोप लगाया है कि केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र इकाई स्टुडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं समेत साथी छात्रों ने उसकी रैगिंग की थी। परिवार ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।
संघीय एजेंसी ने इस संबंध में केंद्र सरकार से अधिसूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर शुक्रवार देर रात 20 लोगों के खिलाफ वायनाड के विथिरी थाना में दर्ज प्राथमिकी को नए सिरे से दर्ज किया।
आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, आत्महत्या के लिए उकसाना, गलत तरीके से रोकना, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना और केरल के रैगिंग विरोधी कानून से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई की एक टीम फोरेंसिक टीम के साथ जल्द ही राज्य का दौरा करेगी।
प्रक्रिया के मुताबिक, सीबीआई ऐसे राज्य संदर्भित मामलों में स्थानीय पुलिस की प्राथमिकी दोबारा दर्ज करके जांच शुरू करती है। जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट के रूप में जो निष्कर्ष अदालत को सौंपे जाते हैं, वे प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों से बिल्कुल अलग हो सकते हैं।
इस मामले के राजनीतिक रंग लेने के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने नौ मार्च को सीबीआई जांच का आश्वासन दिया था। यह मुद्दा राजनीति मंच पर अब भी उठ रहा है और विपक्षी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि सरकार ने आश्वासन के कई सप्ताह बाद भी अभी तक आवश्यक फाइलें सीबीआई को नहीं सौंपी हैं।
भाषा धीरज रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


