कासरगोड, 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने शनिवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के सत्ता में वापसी के आत्मविश्वास को ‘झूठा’ करार दिया और दावा किया कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर जोरों पर है।
चेन्निथला ने यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के पक्ष में राजनीतिक लहर चल रही है।
उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर जनता पर बार-बार बोझ डालने का आरोप लगाया और कहा कि बिजली शुल्क चार बार, बस किराया पांच बार बढ़ाया गया है, साथ ही पानी शुल्क और भूमि पंजीकरण शुल्क में भी वृद्धि की गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यूडीएफ का विधानसभा चुनाव में 100 सीट पर जीत हासिल करने का लक्ष्य है और सभी गठबंधन सहयोगी इसे हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं।
चेन्नथिला ने कहा, “मुख्यमंत्री का दिखाया गया अति आत्मविश्वास एक हारे हुए व्यक्ति का झूठा आत्मविश्वास है।”
उन्होंने हालिया चुनावों में यूडीएफ के प्रदर्शन का हवाला देते हुए दावा किया कि यह जनता की सरकार परिवर्तन की इच्छा को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच एक गुप्त समझौता है।
उन्होंने कहा कि यह समझौता 2021 में हुआ था और मौजूदा चुनाव में ज्यादा घनिष्ठ हो गया है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव