केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन ने पत्रकार मामले में भाजपा के ‘तालिबानी रवैये’ वाले आरोप को खारिज किया

Ads

केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन ने पत्रकार मामले में भाजपा के 'तालिबानी रवैये' वाले आरोप को खारिज किया

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 04:32 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 04:32 PM IST

तिरुवनंतपुरम, नौ सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के उस आरोप को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि एक टेलीविजन पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज कराकर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ‘तालिबानी रवैया’ अपना रही है।

पत्रकारों से बातचीत में सतीशन ने कहा कि भाजपा खुद देशभर में पत्रकारों के खिलाफ मामले दर्ज करा रही है। उन्होंने सवाल किया, ‘‘वे देशभर में पत्रकारों के खिलाफ मामले दर्ज करा रहे हैं। क्या वे तालिबानी रवैया अपना रहे हैं?’

हालांकि, मुख्यमंत्री ने टेलीविजन पत्रकार अपर्णा कुरुप के खिलाफ दर्ज मामले के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया। यह मामला एक टेलीविजन चैनल पर बहस का संचालन करते समय उनके द्वारा की गई टिप्पणियों से जुड़ा है।

कोच्चि शहर की साइबर पुलिस ने सोमवार को कुरुप के खिलाफ मामला दर्ज किया। उन पर आरोप है कि सुन्नी इस्लामिक मामलों के जानकार कंथापुरम ए. पी. अबूबकर मुसलियार की महिलाओं के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणियों पर एक राजनीतिक बहस का संचालन करते समय उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई।

भाजपा की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मामला दर्ज किए जाने की निंदा करते हुए आरोप लगाया था कि यूडीएफ सरकार ने ‘धार्मिक कट्टरपंथियों के सामने घुटने टेक दिए हैं।’

चंद्रशेखर ने कहा था कि महिलाओं को लेकर कंथापुरम की टिप्पणियों का विरोध करने के कारण पत्रकार को जान से मारने की धमकियों और साइबर हमलों का सामना करना पड़ा, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार ने उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम लीग और जमात-ए-इस्लामी जैसे संगठनों के दबाव के कारण सरकार ने पत्रकार को धमकी देने के आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई रोक दी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब पत्रकार को धमकाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, तो मुस्लिम लीग के विधायकों ने सार्वजनिक रूप से इस कार्रवाई का विरोध किया और गृह विभाग ने उनके डर से इसे वापस ले लिया।’’

चंद्रशेखर ने आरोप लगाया, ‘केरलम में आज ऐसी कार्रवाई हो रही है जो तालिबानी शासन की याद दिलाती है।’

भाषा

शुभम संतोष

संतोष