केरल के मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण रोधी अभियान को लेकर तेलंगाना सरकार की आलोचना की

Ads

केरल के मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण रोधी अभियान को लेकर तेलंगाना सरकार की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 02:30 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 02:30 PM IST

तिरुवनंतपुरम, दो मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना के खम्मम जिले में हाल ही में हुई कथित तोड़फोड़ की कार्रवाई ‘‘बुलडोजर राज’’ को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने बिना पूर्व सूचना के सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया है।

विजयन ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस शासित कर्नाटक के बाद, अब तेलंगाना में भी ‘‘बुलडोजर राज’’ उभरकर सामने आया है, जो चिंता का विषय है।

खम्मम जिले के वेलुगुमातला गांव से मिली खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि 25 फरवरी को सुबह के समय भूदान भूमि पर बने लगभग 700 घरों को बिना किसी पूर्व सूचना के ध्वस्त कर दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में चलाए गए अभियान में पहचान पत्र रखने वाले लगभग 3,000 लोग बेघर हो गए।

वामपंथी नेता ने कहा कि ध्वस्त किए गए मकान विनोबा नगर में स्थित थे और विनोबा भावे के नेतृत्व में भूदान आंदोलन के दौरान भूमिहीन परिवारों को आवंटित किए गए थे।

उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि तेलंगाना में कांग्रेस 1951 में शुरू हुए भूमि सुधार आंदोलन, भूदान आंदोलन के सीमित उद्देश्यों को भी स्वीकार नहीं कर सकी।

मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के येलाहांका में इसी तरह की कार्रवाई के कथित पीड़ितों का भी जिक्र किया और कहा कि वे अब भी सड़कों पर जीवनयापन कर रहे हैं।

कांग्रेस ने अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल