केरल के मुख्यमंत्री ने दूसरे को बचाते हुए जान गंवाने वाले तैराकी प्रशिक्षक को श्रद्धांजलि दी

Ads

केरल के मुख्यमंत्री ने दूसरे को बचाते हुए जान गंवाने वाले तैराकी प्रशिक्षक को श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 03:33 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 03:33 PM IST

तिरुवनंतपुरम, पांच अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बाढ़ में फंसे एक व्यक्ति को बचाने के दौरान जान गंवाने वाले तैराकी प्रशिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सतीशन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तिरुवनंतपुरम जिले के कल्लियूर गांव के निवासी राजेश का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राजेश का अधूरा मकान सरकार की ओर से पूरा कराया जाएगा।

राजेश ने कन्नूर के मींथुली द्वीप के पास एक अगस्त को उफनाई करियांगोडे नदी में बह गए व्यक्ति को बचाने के बाद अपना जीवनरक्षक जैकेट उन्हें दे दिया था। इस फ़ैसले की वजह से आखिरकार उनकी जान चली गई।

बाढ़ के पानी में बह गए 61 वर्षीय स्थानीय निवासी बेनी को सुरक्षित किनारे तक लाते समय राजेश उफनाई करियांगोडे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। उनका शव मंगलवार को बरामद किया गया।

इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री ने इस घटना को दुखद बताया और कहा कि राजेश एक समर्पित बचावकर्मी थे, जिन्होंने पहले केरल में आई बाढ़ और फिर वायनाड आपदा के दौरान स्वेच्छा से मदद की थी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कन्नूर के पुलिंगोम में बाढ़ के पानी में बहने से पहले राजेश ने एक डूबते हुए किशोर को बचाने के लिए अपनी जीवन रक्षक जैकेट उसे दे दी। मानवता के लिए उनके इस महान बलिदान और निस्वार्थ प्रेम को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना। उनका साहस की मिसाल हमेशा जीवित रहेगी।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश