केरल: कई निर्वाचन क्षेत्रों में शुरुआती रुझानों में माकपा के बागी, असंतुष्ट उम्मीदवारों को बढ़त

Ads

केरल: कई निर्वाचन क्षेत्रों में शुरुआती रुझानों में माकपा के बागी, असंतुष्ट उम्मीदवारों को बढ़त

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 01:31 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 01:31 PM IST

तिरुवनंतपुरम, चार मई (भाषा) केरल में सोमवार को शुरुआती मतगणना के रुझानों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कई बागी और असंतुष्ट उम्मीदवार उल्लेखनीय बढ़त हासिल करते दिखे।

निर्वाचन आयोग के अनुसार माकपा के पूर्व वरिष्ठ नेता जी सुधाकरन अंबलपुझा से मौजूदा विधायक एच सलाम के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं और मतगणना के शुरुआत रूझान में वह अभी आगे चल रहे हैं। सुधाकरन ने जिला नेतृत्व द्वारा दरकिनार किए जाने का आरोप लगाते हुए अपनी पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं किया था।

शुरुआती मतगणना के रुझानों के अनुसार, सुधाकरन 6,000 से अधिक वोट से आगे हैं।

टी. के. गोविंदन ने माकपा प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन की पत्नी पी. के. श्यामला को थालीपरम्बा से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी छोड़ दी थी। गोविंदन वाम के गढ़ में 7,000 से अधिक वोट से आगे थे।

इसी तरह, माकपा से निष्कासित किए गए कुन्हीकृष्णन, मौजूदा विधायक टी आई मधुसूदनन से आगे हैं।

माकपा द्वारा दरकिनार किये जाने का आरोप लगाने वाले पी. के. सासी ने ओट्टापलम से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा।

हालांकि, पूर्वाह्न 11:30 बजे तक माकपा उम्मीदवार के. प्रेमकुमार 5,000 से अधिक वोट से आगे थे।

पूर्व माकपा विधायक आयशा पोट्टी कांग्रेस में शामिल हो गई थीं और कोल्लम जिले के कोट्टारकारा में वित्त मंत्री के एन बालागोपाल के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। मतगणना के शुरुआती चरणों से ही उन्हें कड़ी टक्कर दे रही हैं और बढ़त हासिल कर ली है।

पूर्व मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन के पूर्व निजी कर्मचारी ए सुरेश, मलम्पुझा से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जहां माकपा उम्मीदवार ए प्रभाकरन वर्तमान में आगे चल रहे हैं।

भाषा तान्या अमित

अमित