केरलम : सीमा शुल्क विभाग ने पलक्कड़ रेलवे स्टेशन पर 25.88 लाख रुपये का गांजा जब्त किया
केरलम : सीमा शुल्क विभाग ने पलक्कड़ रेलवे स्टेशन पर 25.88 लाख रुपये का गांजा जब्त किया
पलक्कड़, 19 सितंबर (भाषा) सीमा शुल्क विभाग ने केरलम के पलक्कड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से 25.88 लाख रुपये मूल्य का 51.750 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पलक्कड़ के रास्ते केरल जाने वाली रेलगाड़ियों में मादक पदार्थों की तस्करी की खुफिया जानकारी के आधार पर, पलक्कड़ की सीमा शुल्क रोधी इकाई और त्रिशूर के सीमा शुल्क रोधी संभाग के अधिकारियों ने 17 सितंबर को यह जब्ती की।
सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर रेलवे स्टेशन पर निगरानी के लिए अधिकारियों की एक टीम तैनात की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान, कुछ रेलगाड़ियों के रवाना होने के बाद टीम को रेलवे स्टेशन पर पांच लावारिस हालत में पड़े बैग मिले।
उन्होंने बताया कि जांच से पुष्टि हुई कि बैग लावारिस हालात में छोड़े गए थे। बाद में सीमा शुल्क विभाग की टीम ने पलक्कड़ की रेलवे सुरक्षा बल की मदद से उन बैग को अपने कब्जे में लिया और जांच के लिए खोला।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक बैग में गांजा के पांच पैकेट थे, और हर पैकेट का वजन लगभग दो किलोग्राम था।
उन्होंने बताया कि पैकेट को हरे पॉलीथीन कवर और भूरे रंग के टेप में लपेटा गया था और पकड़े जाने से बचने और आसानी से ले जाने के लिए उन्हें बैग के अंदर छिपाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर गांजा भरे बैग रखने वाले लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


