केरल देवस्वोम मंत्री को भरोसा, सबरीमला सोने की जांच में सच्चाई सामने आएगी

केरल देवस्वोम मंत्री को भरोसा, सबरीमला सोने की जांच में सच्चाई सामने आएगी

केरल देवस्वोम मंत्री को भरोसा, सबरीमला सोने की जांच में सच्चाई सामने आएगी
Modified Date: October 12, 2025 / 09:22 pm IST
Published Date: October 12, 2025 9:22 pm IST

कोट्टायम (केरल), 12 अक्टूबर (भाषा) केरल के देवस्वोम मंत्री वी. एन. वासवन ने रविवार को कहा कि सबरीमला में अनियमितताओं के आरोपों पर राज्य सरकार और उच्च न्यायालय दोनों का रुख एक जैसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पारदर्शी जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी।

वासवन ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और वह चाहते हैं कि अदालत द्वारा निर्देशित जांच के माध्यम से मामले का हर पहलू साामने आए।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अदालत ने एसआईटी को छह हफ्ते के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इस अवधि में सब कुछ सामने आ जाएगा।’’

वासवन ने आश्वासन दिया कि एसआईटी द्वारा दोषी पाए गए लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में सरकार और अदालत का रुख एक जैसा है। पारदर्शी जांच से सच्चाई सामने आएगी।’’

उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरू से ही विशेष जांच दल या अपराध शाखा द्वारा उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी और अदालत ने अंततः एसआईटी जांच का आदेश दिया।

इस बीच, विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने सबरीमला भगवान अयप्पा मंदिर में सोने के कथित नुकसान पर सरकार की आलोचना जारी रखी।

एक बयान में उन्होंने कहा कि आरोपों के संबंध में दर्ज प्राथमिकी से अनियमितताओं में राजनीतिक नेतृत्व की भूमिका और साजिश का पता चलता है।

विपक्ष के नेता ने मांग की कि तत्कालीन देवस्वोम मंत्री की भूमिका की भी जांच की जाए, क्योंकि मामले में पूर्व देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष और सदस्यों को आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान टीडीबी सदस्यों के खिलाफ भी इसी तरह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’’

केरल उच्च न्यायालय ने मंदिर में द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्तियों पर लगे सोने से मढ़े तांबे के प्लेटों के वजन में कमी को देखते हुए पहले ही जांच के आदेश दे दिए थे।

शुक्रवार को अदालत ने राज्य पुलिस को मंदिर के साइड फ्रेम या लिंटल से सोने की संदिग्ध हेराफेरी के संबंध में आपराधिक मामला दर्ज करने और जांच शुरू करने का निर्देश दिया।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में