ओडिशा के केंद्रपाड़ा में पेट, आंतों के संक्रमण का प्रकोप, 40 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती
ओडिशा के केंद्रपाड़ा में पेट, आंतों के संक्रमण का प्रकोप, 40 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती
केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 16 जुलाई (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के औल ब्लॉक के कई गांवों में पेट और आंतों में संक्रमण (गैस्ट्रोएंटेराइटिस) के प्रकोप से बीमार 40 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और संक्रमण नियंत्रण के उपाय तेज कर दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक लोकपाड़ा, चंडियागढ़ी, गिरिबंधा, पदनापुर और डेमाला गांवों के 44 प्रभावित मरीजों को औल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उनमें उल्टी, दस्त, पेट में मरोड़ और कमजोरी जैसे लक्षण पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय अस्पताल की एक चिकित्सा टीम ने संक्रमण के कारणों का पता लगाने के लिए पानी और मल के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कटक की प्रयोगशाला भेजा गया है।
अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी श्यामसुंदर टुडू ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रहे हैं, ओआरएस के पैकेट वितरित कर रहे हैं और लोगों को उबला हुआ पानी पीने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति नियंत्रण में है और लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।’’
स्वास्थ्य अधिकारियों को आशंका है कि खुले कुओं और पानी टंकी से दूषित पेयजल के सेवन के कारण यह संक्रमण फैला हो सकता है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में दवाइयों का भंडार उपलब्ध है और प्रभावित गांवों में रोकथाम संबंधी उपाय तेज कर दिए गए हैं।
भाषा आशीष संतोष
संतोष

Facebook


