केरलम आबकारी विभाग ने ओणम अभियान के तहत 6,977 मामले दर्ज किए: मंत्री लिजू

Ads

केरलम आबकारी विभाग ने ओणम अभियान के तहत 6,977 मामले दर्ज किए: मंत्री लिजू

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 06:32 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 06:32 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 21 अगस्त (भाषा) केरलम आबकारी विभाग ने ओणम उत्सव से पहले शुरू किए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत अब तक 6,977 मामले दर्ज किए हैं और 1,770 लोगों को गिरफ्तार किया है।

आबकारी मंत्री एम लिजू ने यह भी घोषणा की है कि केरलम राज्य पेय पदार्थ निगम (बीईवीसीओ) के कर्मचारियों को 1,05,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। यह भुगतान निगम के राजस्व पर असर पड़ने के बावजूद किया जा रहा है, जो कि पिछली सरकार द्वारा शराब की मात्रा पर लगने वाले शुल्क को बढ़ाने के फैसले के कारण प्रभावित हुआ है।

लिजू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ओणम त्योहार के दौरान शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के अवैध इस्तेमाल और वितरण में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए राज्यभर में एक से 31 अगस्त तक विशेष ओणम प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब तक दर्ज 6,977 मामलों में से 1,394 आबकारी अधिनियम, 745 स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) और 4,838 सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) के तहत दर्ज किए गए हैं।

इस अभियान के दौरान हुई जब्ती में 8,336 लीटर ‘स्पिरिट’, 183 लीटर अरक, 3,640 लीटर भारतीय निर्मित विदेशी शराब, 8,518 लीटर ‘वॉश’ और दूसरे राज्यों से लाई गई 410 लीटर शराब शामिल है।

विभाग ने 66 किलोग्राम गांजा, 137 ग्राम हशीश का तेल व 353 ग्राम एमडीएमए तथा मेथामफेटामाइन समेत अन्य मादक पदार्थ भी जब्त किया है।

लिजू ने कहा कि अभियान के तहत तंबाकू उत्पादों से जुड़े मामलों में 10 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।

मंत्री ने कहा कि आबकारी विभाग का मादक पदार्थ रोधी अभियान ‘ऑपरेशन थंडर’ जारी है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश