कोच्चि, 18 जून (भाषा) केरल में फुटबॉल के प्रति दीवानगी एक बार फिर अनोखे अंदाज में देखने को मिली, जब बिजली कटौती से नाराज प्रशंसकों ने विरोध जताने के लिए राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के स्थानीय कार्यालय में बैठकर मोबाइल फोन पर मैच देखा।
एर्णाकुलम जिले के कंजूर क्षेत्र में बुधवार रात बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोग पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच खेले जा रहे विश्व कप फुटबॉल मैच का प्रसारण अपने घरों में नहीं देख सके।
मैच का रोमांच नहीं छोड़ना चाहते प्रशंसकों ने बिजली कटौती के खिलाफ विरोध दर्ज कराने का अलग तरीका अपनाया। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के समर्थकों का एक समूह स्थानीय केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के फील्ड कार्यालय पहुंचा और वहीं मोबाइल फोन पर मैच देखने लगा।
टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में युवा प्रशंसक केएसईबी कार्यालय के भीतर बैठकर पुर्तगाल-डीआर कांगो मुकाबला मोबाइल फोन पर देखते नजर आए। इस दौरान वे ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी को भी उनके साथ बैठकर मैच देखने का निमंत्रण देते सुनाई दिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा, ‘‘जब लोग अपने घरों में टीवी पर फुटबॉल मैच देख रहे हैं, तब बिजली क्यों काटी जा रही है? पूरे केरल में लोग विश्व कप देख रहे हैं, ऐसे समय में लोड शेडिंग की क्या जरूरत है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम विरोध जताने यहां आए हैं और यदि कल भी बिजली कटौती हुई तो फिर यहीं आकर मैच देखेंगे। जब-जब बिजली जाएगी, हम सभी यहां एक साथ बैठकर मैच देखेंगे।’’
कंजूर स्थित केएसईबी फील्ड कार्यालय के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि कार्यालय में विरोध प्रदर्शन हुआ था, लेकिन किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
हालांकि, केएसईबी के अन्य अधिकारियों ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि केएसईबी ने बुधवार को कहा था कि बिजली की मांग में तेज वृद्धि और देशभर में उपलब्धता में कमी के कारण राज्य में 30 जून तक शाम छह बजे से मध्यरात्रि के बीच सीमित बिजली प्रतिबंध लागू करने पड़ सकते हैं।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन