कोलकाता, 18 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार ने पिछली सरकार के कथित संरक्षण वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान शुरू किया है और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा के मई में सत्ता संभालने के बाद नवगठित विधानसभा के पहले सत्र में परंपरागत अभिभाषण देते हुए रवि ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में बताया और ‘‘धमकाने की संस्कृति’’, भ्रष्टाचार से जुड़े गिरोहों और जबरन वसूली करने वाले नेटवर्क को खत्म करने का वादा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘नयी सरकार ने पिछली सरकार से संरक्षण पाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पहले ही अभियान शुरू कर दिया है।’’
रवि ने कहा, ‘‘अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा