कोच्चि, 18 जून (भाषा) केरल में शिगेला संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बीच यहां त्रिपुनिथुरा स्थित सरकारी आयुर्वेद कॉलेज को उस समय एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया, जब छात्रावास में रहने वाले 25 से अधिक छात्रों में उल्टी और दस्त के लक्षण पाए गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुरुआती मामले छात्राओं के छात्रावास सेए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को छात्रावास के छात्रों में भी इसी तरह के लक्षण पाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि छात्रावासों से पानी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं और कॉलेज प्रशासन को पानी के शुद्धिकरण (क्लोरीनेशन) के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा प्रभावित छात्रों के नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें शिगेला संक्रमण हुआ है या किसी अन्य जीवाणु संक्रमण से वे प्रभावित हैं।
राज्य में अब तक शिगेला के 91 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें इस महीने के भीतर पांच मामलों की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मामलों में वृद्धि को देखते हुए राज्यभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
शिगेला एक जीवाणु संक्रमण है, जो मुख्य रूप से दूषित भोजन या पानी तथा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से फैलता है। इसके संक्रमण से दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन की शिकायत होती है।
भाषा
मनीषा रंजन
रंजन