केरल सरकार ने ब्रह्मोस परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि मंजूर की
केरल सरकार ने ब्रह्मोस परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि मंजूर की
तिरुवनंतपुरम, 29 जुलाई (भाषा) केरल सरकार ने बुधवार को राजधानी जिले में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की ब्रह्मोस परियोजना के लिए अतिरिक्त 90 एकड़ भूमि आवंटित करने को मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने यहां मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि इससे पहले इस परियोजना के लिए 90 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी, जबकि वास्तव में इसके लिए 180 एकड़ जमीन की आवश्यकता थी।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त 90 एकड़ भूमि मिलने से परियोजना को बाकी आवश्यक स्वीकृति हासिल करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पहले केवल 90 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी, जबकि 180 एकड़ की जरूरत थी। अब मंत्रिमंडल ने शेष 90 एकड़ भूमि आवंटित करने का फैसला किया है। यह भूमि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) को दी जा रही है।’’
सतीशन ने कहा कि मंत्रिमंडल ने ‘केरल स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (केल्ट्रॉन) की अधिकृत शेयर पूंजी को 35 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 60 करोड़ रुपये करने का भी फैसला किया है।
इस साल दो मार्च को पूर्ववर्ती पिनराई विजयन सरकार ने उन्नत मिसाइल और अन्य रणनीतिक इकाई स्थापित करने तथा संबंधित गतिविधियों के लिए कट्टक्कडा तालुक के कल्लिक्कड़ गांव में ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम लिमिटेड को 180 एकड़ भूमि नि:शुल्क आवंटित करने का फैसला किया था।
चाकाई स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम लिमिटेड (बीएटीएल) एक प्रमुख रक्षा उत्पादन इकाई है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


