शबरिमला तीर्थयात्रा सुगम बनाने के लिए केरलम सरकार, टीडीबी मिलकर करेंगे काम : सतीशन

Ads

शबरिमला तीर्थयात्रा सुगम बनाने के लिए केरलम सरकार, टीडीबी मिलकर करेंगे काम : सतीशन

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 03:03 PM IST

तिरुवनंतपुरम, नौ सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि आगामी मंडलकला-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सत्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के वास्ते राज्य सरकार त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के साथ मिलकर काम करेगी।

सतीशन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार और त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए प्रभावी उपायों की पहचान करने की दिशा में मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इस उद्देश्य के लिए यहां और पंबा में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मैं कुछ बैठकों में शामिल होऊंगा और बोर्ड के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। सभी मिलकर काम करेंगे। आज से ही बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।’’

इस वर्ष मंडलकला-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सत्र नवंबर के मध्य में शुरू होगा और अगले वर्ष जनवरी के तीसरे सप्ताह में समाप्त होगा।

सतीशन ने प्रेसवार्ता के दौरान पिछली सरकार के कार्यकाल में स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम को केरलम लाने के असफल प्रयास से जुड़े कथित अनियमितताओं और वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में पूछे गए सवालों का भी जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि इस मामले की पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) जांच कर रहा है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

सतीशन ने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की एक एसआईटी भी इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों जांचों के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे के फैसले लिये जाएंगे।

भाषा अमित वैभव

वैभव