केरल: महिलाओं का पीछा करने के आरोप में विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

केरल: महिलाओं का पीछा करने के आरोप में विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

केरल: महिलाओं का पीछा करने के आरोप में विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: August 27, 2025 / 10:40 pm IST
Published Date: August 27, 2025 10:40 pm IST

पलक्कड़ (केरल), 27 अगस्त (भाषा) केरल पुलिस ने बुधवार को पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ सोशल मीडिया पर महिलाओं पर नजर रखने और उन्हें परेशान करने सहित विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया।

यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा तिरुवनंतपुरम में एक प्रेस वार्ता में दिये गए बयान के कुछ घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ममकूटाथिल के खिलाफ आरोपों के संबंध में हर संभव कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

राज्य पुलिस मीडिया सेंटर द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि पुलिस की अपराध शाखा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रावदा ए चंद्रशेखर के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बयान में कहा गया है कि यह मामला उस वक्त दर्ज किया गया, जब यह पाया गया कि डीजीपी को प्राप्त शिकायतों में संज्ञेय अपराधों का उल्लेख है।

बयान में कहा गया है कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2) (पीछा करना) और 351 (आपराधिक धमकी) और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120 (ओ) (किसी भी संचार माध्यम से, किसी व्यक्ति को बार-बार या अवांछनीय या गुमनाम कॉल, पत्र, संदेश, ईमेल या संदेशवाहक के माध्यम से परेशान करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बयान में कहा गया है कि अपराध शाखा, तिरुवनंतपुरम रेंज के डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) सी. बिनुकुमार इस मामले की जांच के प्रभारी हैं।

मलयालम अभिनेत्री रिनी ऐन जॉर्ज द्वारा एक राजनीतिक दल के एक युवा नेता पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाने के बाद, ममकूटाथिल ने हाल ही में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

इस आरोप के बाद भाजपा के अलावा माकपा की युवा शाखा डीवाईएफआई ने विरोध प्रदर्शन किया था। विधायक पार्टी की आंतरिक जांच का भी सामना कर रहे थे।

इसके बाद, कई महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने भी इसी तरह के आरोप लगाये।

विधायक और एक महिला के बीच कथित बातचीत के ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद, कांग्रेस ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में