अलाप्पुझा (केरल), 26 मई (भाषा) केरल में एक अस्पताल में पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंची 19 वर्षीय महिला ने शौचालय में बच्चे को जन्म दिया और नवजात को कथित तौर पर खिड़की से बाहर फेंक दिया, पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मंगलवार तड़के हरिपद सरकारी अस्पताल से मिली। पुलिस ने बताया कि महिला कथित तौर पर अविवाहित है।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों ने रोने की आवाज सुनकर नवजात को एक ऐसे क्षेत्र में पाया, जहां आवारा कुत्ते घूम रहे थे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसे बचाया।
अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, रात्री पाली में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा दल ने समय रहते बच्चे की जान बचाई।
चिकित्सक ने बताया कि महिला पेट दर्द के इलाज के लिए अस्पताल आई थी, लेकिन उसने शारीरिक जांच कराने से इनकार कर दिया, जिससे उसके गर्भवती होने का संदेह हुआ।
उन्होंने बताया कि निगरानी के दौरान महिला को कई बार शौचालय जाते हुए देखा गया।
चिकित्सकों ने बताया कि महिला के शौचालय में जाने के कुछ ही देर बाद उन्होंने किसी बच्चे के रोने की हल्की आवाज सुनी।
इसके बाद संदेह होने पर उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क कर क्षेत्र में तलाशी ली और बच्चे को बचाया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि बच्चा उस स्थान पर गिरा था, जहां आवारा कुत्ते मौजूद थे। फिलहाल मां और बच्चे दोनों को अलाप्पुझा के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
चिकित्सकों के अनुसार, नवजात अब खतरे से बाहर है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव