केरल पुलिस की आंतरिक फाइल प्रणाली ठप, साइबर हमले की आशंका

Ads

केरल पुलिस की आंतरिक फाइल प्रणाली ठप, साइबर हमले की आशंका

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 10:43 AM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 10:43 AM IST

तिरुवनंतपुरम, नौ जुलाई (भाषा) केरल पुलिस की वेबसाइट से जुड़े आंतरिक फाइलों के प्रबंधन वाले एक एप्लिकेशन ने अचानक काम करना बंद कर दिया, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को साइबर हमले की आशंका है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, आंतरिक फाइलों और आंकड़ों के प्रबंधन के लिए इस्तेमाल होने वाला यह एप्लिकेशन पिछले चार दिनों से काम नहीं कर रहा है और आशंका है कि इसे हैक कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस प्रणाली का रखरखाव ‘केल्ट्रॉन’ द्वारा एक निजी फर्म के माध्यम से किया जाता है, जिसे राज्य सरकार के स्वामित्व वाली इस कंपनी ने इसका ठेका आउटसोर्स किया था।

इस व्यवधान के कारण पिछले कई दिनों से पुलिस विभाग के भीतर आंतरिक फाइलों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह के डेटा में सेंध नहीं लगी है।

अधिकारियों ने बताया कि एप्लिकेशन को बहाल कर सामान्य कामकाज फिर से शुरू करने के प्रयास जारी हैं।

जनता द्वारा केरल पुलिस की सेवाओं का उपयोग करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एप्लिकेशन और वेबसाइट इससे अप्रभावित हैं और सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

भाषा तान्या रंजन

रंजन