केरल: लापता तीन मछुआरे की तलाश जारी, मुख्यमंत्री और मंत्री प्रभावित परिवारों से मिले

Ads

केरल: लापता तीन मछुआरे की तलाश जारी, मुख्यमंत्री और मंत्री प्रभावित परिवारों से मिले

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 03:18 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 03:18 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 10 अगस्त (भाषा) केरल के कोल्लम और तिरुवनंतपुरम तट के पास अलग-अलग नौका हादसों में लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश सोमवार को भी जारी रही।

इस बीच मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और अन्य मंत्रियों ने लापता मछुआरों के परिजनों से मुलाकात की।

भारतीय नौसेना, तटीय पुलिस और समुद्री प्रवर्तन शाखा ने कोल्लम के नींदकारा, तिरुवनंतपुरम के मुथलापोझी और विडिण्गम में नौका हादसों के बाद लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश जारी रखी।

गौतम कृष्ण, जॉन और शिजिन 31 जुलाई को क्रमश: नींदकारा, विडिण्गम और मुथलापोझी में हुए अलग-अलग हादसों के बाद लापता हो गए थे।

सोमवार को उनकी तलाश का 11वां दिन है।

मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और वन एवं वन्यजीव मंत्री शिबू बेबी जॉन ने कोल्लम के नींदकारा स्थित गौतम के घर जाकर उसकी मां से मुलाकात की।

गौतम के पिता और दादा की नौका हादसे में मौत हो गई थी जबकि वह लापता हो गया था।

सतीशन ने कहा, “ऐसी त्रासदी किसी परिवार के साथ नहीं होनी चाहिए। यह ऐसी स्थिति है, जिसमें हमें समझ नहीं आता कि उन्हें सांत्वना देने के लिए क्या कहें।”

उन्होंने तलाश अभियान में देरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मौसम की स्थिति प्रतिकूल होने पर ही अभियान को रोका गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हर दिन डोर्नियर विमान, हेलीकॉप्टर, अधिकतम स्तर पर निगरानी और स्कूबा डाइविंग प्रणालियों की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि सरकार अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करेगी।

सतीशन ने कहा, “मौजूदा कानूनों या बीमे से जुड़ी किसी भी बाधा को सरकार दूर करेगी, ताकि परिवारों को वह सभी सहायता मिल सके, जिसके वे हकदार हैं। सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देगी।”

उन्होंने कहा कि आपात स्थिति के लिए एक अस्थायी व्यवस्था के साथ-साथ स्थायी तंत्र भी स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि समुद्र में किसी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों को लेकर एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश