पथनमथिट्टा (केरल), 13 फरवरी (भाषा) केरल के पथनमथिट्टा जिले के तिरुवल्ला में एक स्पा कर्मचारी के कथित यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में सातवें आरोपी को भी शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिंटो पी. सनी के रूप में हुई है जो तिरुवल्ला के निकट मंजादी का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, सनी को कोट्टायम जिले के चांगनासेरी के पास से गिरफ्तार किया गया।
मामले में आरोपी के रूप में नामजद किये जाने के बाद सनी राज्य से भागने की फिराक में था, तभी उसे हिरासत में ले लिया गया।
मुख्य आरोपी गैंगस्टर सुबिन एलेक्जेंडर से पूछताछ के बाद सनी को मामले में आरोपी बनाया गया। एलेक्जेंडर ने रंगदारी नहीं देने के कारण चाकू का भय दिखा कर स्पा कर्मचारी का एक फरवरी को कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था।
मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
अलेक्जेंडर, बर्लिन दास, वरुण, प्रशोभ, किरण, अजिन और सनी मामले में आरोपी बनाये गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह कई आपराधिक मामलों में शामिल है और गैंगस्टर एलेक्जेंडर पहले भी केरल असामाजिक गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (केएएपीए) के तहत कार्रवाई का सामना कर चुका है।
पुलिस ने बताया कि सनी को रिमांड की कार्यवाही के तहत जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा सुरभि सुभाष
सुभाष