केरल: ईडी अधिकारियों पर हमले का आरोपी एसएफआई कार्यकर्ता चेन्नई हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया

Ads

केरल: ईडी अधिकारियों पर हमले का आरोपी एसएफआई कार्यकर्ता चेन्नई हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 12:44 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 12:44 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 10 अगस्त (भाषा) केरल पुलिस ने सोमवार को बताया कि एसएफआई के एक कार्यकर्ता को पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी के खिलाफ धनशोधन की जांच के सिलसिले में विजयन के घर पर तलाशी लेने के बाद लौट रहे ईडी अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में चेन्नई हवाईअड्डे से हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान आदर्श के रूप में हुई है, जो एसएफआई चला क्षेत्र समिति का सदस्य है।

एसएफआई मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का छात्र संगठन है।

पुलिस ने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज की जांच के बाद हमले में आदर्श की संलिप्तता सामने आई। हालांकि, तब तक आदर्श दुबई जा चुका था, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को दुबई से चेन्नई पहुंचने पर आदर्श को हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि तिरुवनंतपुरम म्यूजियम पुलिस थाने की टीम आदर्श को हिरासत में लेने के लिए चेन्नई जाएगी।

ईडी ने धनशोधन मामले की जांच के तहत 27 मई को तिरुवनंतपुरम स्थित विजयन के किराये के मकान की तलाशी ली थी। यह जांच विजयन की बेटी की कंपनी और रेत खनन कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के बीच वित्तीय लेनदेन से जुड़ी थी।

ईडी के अनुसार, तलाशी के बाद जब उसके अधिकारी वहां से लौट रहे थे, तभी भीड़ ने उनके वाहनों पर हमला कर दिया। इस हमले में कथित तौर पर एक चालक, सीआरपीएफ के एक जवान और तलाशी दल के एक सदस्य को चोटें आई थीं।

पुलिस ने इस मामले में माकपा, डीवाईएफआई और एसएफआई के करीब 300 कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।

हाल ही में केरल उच्च न्यायालय ने इस मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों को जमानत दे दी थी।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा