केरल: श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर ने कीमती सामान गायब होने की खबरें खारिज कीं

Ads

केरल: श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर ने कीमती सामान गायब होने की खबरें खारिज कीं

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 08:25 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के प्रबंधन ने मीडिया में आई उन खबरों को बुधवार को “झूठा और बेबुनियाद” बताते हुए खारिज कर दिया, जिनमें मंदिर परिसर से कीमती सामान गायब होने और वहां सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का दावा किया गया है।

श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कीमती सामान के गायब होने, भक्तों के चढ़ाए प्रसाद के अनुचित प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के आरोपों को ऐतिहासिक मंदिर की छवि खराब करने और जनता को गुमराह करने का “दुर्भावनापूर्ण” प्रयास करार दिया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, “श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के खजाने को उच्चतम स्तर की सुरक्षा और श्रद्धा के साथ संरक्षित किया जाता है।”

इसमें कहा गया है कि मंदिर की सुरक्षा इकाई और पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार परिसर की निगरानी करती है और जरूरत पड़ने पर मूल्यवान वस्तुओं को केवल सुरक्षा अधिकारियों को उचित सूचना देने के बाद उनकी मौजूदगी में ही ले आया या ले जाया जाता है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, मंदिर परिसर में प्रवेश करते समय और वहां से बाहर निकलते वक्त कर्मचारियों की जामा तलाशी ली जाती है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि मंदिर में चोरी या हेरफेर की कोई घटना नहीं हुई है।

मंदिर प्रबंधन का यह स्पष्टीकरण मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों के मद्देनजर आया है, जिनमें कहा गया है कि वहां चढ़ावे के रूप में प्राप्त लगभग 78 ग्राम सोने की छड़ें और सिक्के गायब हो गए हैं।

खबरों में दावा किया गया है कि राज्य पुलिस प्रमुख की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजे गए एक पत्र की प्रति सामने आई है, जिसमें मंदिर में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों की ओर इशारा किया गया है।

भाषा पारुल माधव

माधव