तिरुवनंतपुरम, 29 अप्रैल (भाषा) कन्नूर के एक निजी दंत चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र की मौत के मामले की जांच राज्य अपराध शाखा को सौंप दी गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राज्य पुलिस प्रमुख रवदा ए. चंद्रशेखर ने कन्नूर सिटी पुलिस आयुक्त की सिफारिश के आधार पर इस संबंध में आदेश जारी किया। पुलिस आयुक्त ने पीड़ित के परिवार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मद्देनजर व्यापक और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता का हवाला दिया था।
यह निर्णय विभिन्न दलित संगठनों द्वारा नितिन राज की मौत की व्यापक जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बुलायी गयी राज्यव्यापी हड़ताल के एक दिन बाद लिया गया है।
कन्नूर जिले के अंजारकांडी स्थित एक निजी दंत चिकित्सा महाविद्यालय में बीडीएस के प्रथम वर्ष का छात्र राज 10 अप्रैल को एक इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल मिला था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
इस संबंध में कन्नूर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो संकाय सदस्यों, डॉ. राम और डॉ. संगीता नंबियार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने बुधवार को जारी आदेश में स्पष्ट किया कि मृतक के परिवार ने मौजूदा जांच को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
आदेश में कहा गया, ‘मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) ने जांच को राज्य अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) को स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।’
डीजीपी ने कहा कि अपराध शाखा अपने थाने में मामला दर्ज कर तत्काल प्रभाव से किसी सक्षम अधिकारी या टीम को जांच सौंपेगी।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश