केरल विधानसभा चुनाव में 2.7 करोड़ से अधिक मतदाताओं के जनादेश के लिए 890 उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे

Ads

केरल विधानसभा चुनाव में 2.7 करोड़ से अधिक मतदाताओं के जनादेश के लिए 890 उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 09:15 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 26 मार्च (भाषा) केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों के 890 उम्मीदवार राज्य के 2.7 करोड़ से अधिक मतदाताओं का जनादेश प्राप्त करने के लिए मैदान में उतरेंगे। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बताया कि उसे प्राप्त 2,125 नामांकनों प्राप्त हुए लेकिन नामांकन पत्रों की जांच और अन्य उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद बृहस्पतिवार को 890 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं।

राज्य में 2021 के विधानसभा चुनाव में 957 उम्मीदवार थे। ईसीआई के आंकड़ों के अनुसार, कोझिकोड जिले के कोडुवल्ली निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 13 उम्मीदवार हैं।

ईसीआई ने मतदाता आंकड़े भी जारी किए हैं, जिनके अनुसार राज्य में 2,71,42,952 मतदाता हैं, जिनमें विदेशों में रहने वाले मतदाता भी शामिल हैं। मतदाता केरल भर में 30,471 मतदान केंद्रों पर अपना वोट डालेंगे।

ईसीआई आंकड़ों के अनुसार मतदाताओं में 1,38,84,001 महिलाएं और 1,30,16,593 पुरुष हैं, जिनमें 40-49 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक 56,32,036 है।

आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 273 तृतीय लिंग के मतदाता और 2,44,927 दिव्यांग मतदाता हैं।

इन आंकड़ों से यह भी पता चला कि सबसे अधिक मतदाता (36,32,210) मलप्पुरम जिले में हैं और सबसे कम (6,43,625) वायनाड में हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश